अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर। धर्मनगरी रतनपुर स्थित हजरत सैय्यद मूसा शहीद रहमतुल्लाह अलैह का 96वां सालाना उर्स पाक 29 से 31 मई तक पूरे धार्मिक उत्साह, अकीदत और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ। इंतेजामिया कमेटी एवं मुस्लिम जमात रतनपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन में रतनपुर सहित बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा, रायगढ़ रायपुर, जांजगीर, तथा आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में जायरीन और श्रद्धालु शामिल हुए।
उर्स पाक का शुभारंभ 29 मई को शाही संदल चादरपोशी के साथ हुआ। दरगाह परिसर में अकीदतमंदों ने चादर पेश कर मुल्क में अमन, चैन, खुशहाली और आपसी सौहार्द की दुआ मांगी। धार्मिक परंपराओं के अनुरूप निकाले गए शाही संदल जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों के साथ अन्य समाजों के नागरिक भी शामिल हुए, जिससे गंगा-जमुनी तहजीब की सुंदर मिसाल देखने को मिली।
30 मई की रात्रि आयोजित भव्य कव्वाली महफिल उर्स का मुख्य आकर्षण रही। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कव्वाल गुलाम हबीब पेंटर एवं आरिफ कुरैशी ने अपने सूफियाना कलाम, नात, मनकबत और कव्वालियों से ऐसा समां बांधा कि श्रोता देर रात तक मंत्रमुग्ध होकर कार्यक्रम का आनंद लेते रहे। दरगाह परिसर में पूरी रात सूफी संगीत की गूंज सुनाई देती रही और अकीदतमंद झूमते हुए आध्यात्मिक रस में सराबोर नजर आए।
31 मई को कुल की फातेहा, कुरआनखानी एवं विशेष दुआ के साथ उर्स पाक का विधिवत समापन हुआ।
इस अवसर पर हजरत सैय्यद मूसा शहीद रह.अ. की शिक्षाओं और उनके बताए मार्ग को याद करते हुए समाज में प्रेम, भाईचारा, मानवता और सेवा भाव को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। फातेहा के दौरान देश और प्रदेश की खुशहाली, अमन-शांति तथा सभी लोगों की तरक्की के लिए विशेष दुआएं की गईं।
उर्स के दौरान दरगाह परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा, रंग-बिरंगी रोशनियों एवं फूलों से सजाया गया था, जिसने श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित किया।
आयोजन स्थल पर सुरक्षा, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी। तीनों दिनों तक जायरीन के लिए शाही आम लंगर का भी आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन, नगर पालिका परिषद रतनपुर, पुलिस विभाग, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
उर्स कमेटी के अध्यक्ष वादिर खान, कार्यकारी अध्यक्ष हकीम मोहम्मद, उपाध्यक्ष मिर्जी जिलानी बेग, सचिव हुसैन खान सहित समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन की सफलता के लिए सभी जायरीन, श्रद्धालुओं और सहयोगकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया। समिति ने कहा कि हजरत सैय्यद मूसा शहीद रह.अ. का उर्स पाक आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव का संदेश देने वाला एक महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है, जो वर्षों से समाज को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य कर रहा है।





