अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर। कलचुरी राजपूत राजाओं की ऐतिहासिक राजधानी रतनपुर में राष्ट्र गौरव, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप एवं महाराज वीर छत्रपाल की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भव्य शौर्य रैली, प्रतिभा सम्मान समारोह तथा समाज के वरिष्ठजनों का अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजपूत समाज के हजारों लोगों ने सहभागिता कर अपनी गौरवशाली परंपरा और वीरता का परिचय दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू रहे। अध्यक्षता तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ठाकुर ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव एवं बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष लव कुश कश्यप, उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत महाराणा प्रताप एवं महाराज वीर छत्रपाल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके पश्चात निकाली गई भव्य शौर्य रैली में युवाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में शस्त्र प्रदर्शन करते हुए वीरता और स्वाभिमान का संदेश दिया। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां जगह-जगह समाजजनों एवं नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
मुख्य अतिथि तोखन साहू ने अपने संबोधन में कहा कि महाराणा प्रताप केवल राजपूत समाज ही नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव हैं। उनका त्याग, संघर्ष और स्वाभिमान आज भी देशवासियों को प्रेरित करता है। उन्होंने समाज के संगठन और विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए राजपूत समाज भवन निर्माण हेतु 20 लाख रुपये की घोषणा की।
अध्यक्षीय उद्बोधन में विधायक धर्मजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और संघर्ष का अद्वितीय उदाहरण है। समाज को उनके आदर्शों पर चलकर नई पीढ़ी में संस्कार, शिक्षा और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करनी चाहिए।
कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षा और सामाजिक एकता ही समाज की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने समाज के कार्यक्रमों और गतिविधियों के लिए मंच निर्माण हेतु विधायक निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की तथा समाज के विकास में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
रतनपुर राजपूत समाज के अध्यक्ष ठाकुर आशीष सिंह ने कहा कि समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी अतिथियों, समाजजनों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में समाज शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में विशेष रूप से कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही समाज के वरिष्ठ एवं विशिष्ट बुजुर्गों का शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। सम्मान समारोह ने युवा पीढ़ी को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
महिला शक्ति की ओर से पूर्व पार्षद नीतू सिंह ने कहा कि समाज के विकास में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बेटियों की शिक्षा, संस्कार और समाज की एकता को समय की आवश्यकता बताया।
कार्यक्रम का सफल संचालन ठाकुर हेमंत सिंह क्रांति ने किया। आयोजन में समाज के पदाधिकारी, युवा, मातृशक्ति, वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में महाराणा प्रताप के जयघोष और राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा।




