अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर, बिलासपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस ने एक बार फिर प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन शराब कोचियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 3,200 रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिलेभर में नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में रतनपुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
थाना प्रभारी रतनपुर उपनिरीक्षक विष्णु यादव के नेतृत्व में पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि गांधीनगर रतनपुर क्षेत्र में तीन व्यक्ति अपने घर में बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब रखकर उसकी बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल गांधीनगर में दबिश दी।
रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कमलेश निर्मलकर उर्फ गोलू (30 वर्ष), जयकिशन निर्मलकर उर्फ लल्ला (34 वर्ष) एवं संजय गोंड़ (32 वर्ष) को कच्ची महुआ शराब के पाउच तैयार कर बिक्री करते हुए रंगे हाथों पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 16 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसे मौके पर जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया और न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली, आरक्षक धनराज कुम्भकार, आकाश डोंगरे तथा देवानंद चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रतनपुर पुलिस की इस लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



