अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर/बिलासपुर। थाना रतनपुर पुलिस ने अपहरण कर फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी एवं एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक का अपहरण कर उसके गले पर चाकू अड़ाकर परिजनों से 50 हजार रुपये की फिरौती की मांग की थी। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 जून 2026 को भेलवापारा कलमीटार निवासी घनश्याम पाटले ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने घर के आंगन में मौजूद था। इसी दौरान रतनपुर निवासी इशान सारथी, सोम रजक, निखिल रजक उर्फ एलियन तथा उनके अन्य साथी उसके पास पहुंचे और बातचीत के बहाने उसे घर से बाहर बुलाया।
जैसे ही घनश्याम बाहर आया, आरोपियों ने उसके गले में धारदार चाकू अड़ाकर जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाया और उसे कोरबाभांवर जंगल की ओर ले गए। वहां आरोपियों ने एक कागज पर गांजा फैलाकर उसकी फोटो खींची और उसे धमकाते हुए कहा कि वे जैसा कहेंगे, उसे वैसा ही अपने परिजनों को फोन पर बताना होगा।
आरोपियों ने घनश्याम से उसके घर फोन करवाकर कहलवाया कि वह गांजा मामले में पाली थाना में पकड़ा गया है और मामले को रफा-दफा करने के लिए 50 हजार रुपये की जरूरत है। घनश्याम की मां बेटे की बात सुनकर पैसे देने के लिए तैयार हो गई। इसके बाद आरोपियों ने रकम पहुंचाने के लिए पहले महामाया मंदिर बाईपास स्थित बादल महल के पास तथा बाद में रतनपुर हेलीपेड क्षेत्र में आने के निर्देश दिए।
इस दौरान घनश्याम के परिजनों को घटना पर संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस सक्रिय हो गई और परिजनों के साथ निगरानी करते हुए बताए गए स्थान पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी देख आरोपी इशान सारथी और निखिल रजक उर्फ एलियन भागने लगे, जिन्हें पुलिस टीम ने पीछा कर दबोच लिया। वहीं आरोपी सोम रजक एवं यश मौके से फरार हो गए।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने घनश्याम का अपहरण कर चाकू की नोक पर जान से मारने की धमकी देते हुए 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी थी। मामले में थाना रतनपुर में अपराध दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। उनके दिशा-निर्देश पर पुलिस ने आरोपी इशान सारथी (18 वर्ष) एवं एक नाबालिग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक मनोज एक्का, आरक्षक पवन ठाकुर तथा लेखपाल खुसरो की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



