Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में मछली चोरी के विवाद से उपजी रंजिश ने एक चौकीदार की हत्या जैसी सनसनीखेज वारदात का रूप ले लिया। खुटाघाट बांध की रखवाली करने वाले चौकीदार तिरीथ राम यादव की योजनाबद्ध तरीके से हत्या करने के मामले में रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कान्हा धीवर उर्फ गोलू (34 वर्ष), अनिश धीवर उर्फ छोटू (22 वर्ष) एवं शुभम प्रधान उर्फ शोभू (21 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी ग्राम नवागांव (गिरजाबंद), थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर के निवासी हैं।
मछली चोरी से शुरू हुआ विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक तिरीथ राम यादव और उनके साथी श्याम सिंह पोर्ते खुटाघाट बांध में चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। कुछ दिन पहले दोनों ने बांध में मछली चोरी करते हुए गोलू धीवर और अनिश धीवर को रंगे हाथों पकड़ लिया था। इस दौरान तिरीथ राम ने चोरी का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया था।
वीडियो बनाए जाने से नाराज
आरोपियों ने तिरीथ राम का मोबाइल तोड़ दिया था। इस घटना की शिकायत रतनपुर थाने में की गई थी। बाद में गोलू धीवर द्वारा मोबाइल बनवाने का आश्वासन देने पर दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था।
मोबाइल नहीं बनवाने पर बढ़ी रंजिश
समझौते के बावजूद जब आरोपियों ने मोबाइल नहीं बनवाया, तब तिरीथ राम यादव, श्याम सिंह पोर्ते और विक्की ठाकुर आरोपी गोलू के घर पहुंचे और मोबाइल बनवाने की बात कही। पुलिस के अनुसार, इसी घटना से आरोपी तिरीथ राम और श्याम सिंह से गहरी रंजिश रखने लगे और दोनों की हत्या की साजिश रच डाली।
स्कार्पियो से रास्ता रोककर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, 11 जुलाई 2026 की रात तिरीथ राम यादव और श्याम सिंह पोर्ते अपनी मोटरसाइकिल से खुटाघाट बांध की ड्यूटी पर जा रहे थे। रास्ते में आरोपियों ने अपनी स्कार्पियो वाहन मोटरसाइकिल के सामने अड़ा दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े।
इसके बाद तीनों आरोपियों ने डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के दौरान श्याम सिंह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकले, जबकि तिरीथ राम यादव को तीनों आरोपियों ने मिलकर बेरहमी से पीटा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
24 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। उनके मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की घेराबंदी कर उन्हें उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की साजिश और वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपी
कान्हा धीवर उर्फ गोलू (34 वर्ष)
अनिश धीवर उर्फ छोटू (22 वर्ष)
शुभम प्रधान उर्फ शोभू (21 वर्ष)
सभी निवासी ग्राम नवागांव (गिरजाबंद), थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़)।
इन पुलिस अधिकारियों की रही अहम भूमिका
हत्या की गुत्थी सुलझाने और आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, आरक्षक आकाश डोंगरे, पवन सिंह तथा धीरज कश्यप सहित रतनपुर थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



