Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज, राजनांदगांव। संस्कारधानी राजनांदगांव के मेधावी छात्र अद्वित्य सिंह ठाकुर ने वर्ष 2026 की देश की तीन सर्वाधिक प्रतिष्ठित एवं कठिन राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट सफलता अर्जित कर जिले एवं छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
अद्वित्य ने NEET-UG 2026 में 720 में से 653 अंक प्राप्त करते हुए 99.9361466 पर्सेंटाइल, ऑल इंडिया रैंक (AIR) 1247 तथा जनरल कैटेगरी रैंक 711 हासिल की है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष 20 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने NEET-UG परीक्षा में भाग लिया था। इतने बड़े प्रतिस्पर्धी समूह में यह उपलब्धि अद्वित्य की असाधारण प्रतिभा, अनुशासन एवं कठिन परिश्रम का प्रमाण है।
इससे पूर्व अद्वित्य ने Indian Institute of Science Education and Research Aptitude Test (IAT-2026) में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 405 प्राप्त कर देश के प्रतिष्ठित भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER) में प्रवेश सुनिश्चित किया। उन्हें IISER द्वारा अध्ययन हेतु प्रतिवर्ष ₹80,000 की छात्रवृत्ति भी स्वीकृत हुई है। इसके अतिरिक्त उन्होंने JEE Advanced-2026 परीक्षा भी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण (Qualified) की है।
अद्वित्य ने अपनी शैक्षणिक यात्रा में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से कक्षा 10वीं में 96.4 प्रतिशत तथा कक्षा 12वीं में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। साथ ही इंग्लिश ओलंपियाड में राष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन तथा साइंस ओलंपियाड में राज्य स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन कर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया।
अद्वित्य सिंह ठाकुर, बी.आर.सी. समग्र शिक्षा, राजनांदगांव में पदस्थ ब्लॉक समन्वयक श्री भगत सिंह ठाकुर एवं निजी विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती मधुबाला सिंह ठाकुर के सुपुत्र हैं। उनका पैतृक ग्राम सेम्हरा दैहान, जिला राजनांदगांव है, जहाँ उनका परिवार कृषक के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है।
अद्वित्य के पितामह स्वर्गीय ठाकुर दरबार सिंह जी प्रदेश के प्रख्यात जननेता रहे हैं। वे वर्ष 1977 में राजनांदगांव से विधायक, मध्य प्रदेश शासन में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री तथा वर्ष 1990 में वीरेंद्र नगर से विधायक रहे। उनके ममेरे ताऊ श्री रघुराज सिंह ठाकुर कबीरधाम जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष तथा भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं।
अद्वित्य ने बताया कि उनके पितामह के जनसेवा एवं लोककल्याण के आदर्शों ने उन्हें सदैव प्रेरित किया है। भविष्य में वे चिकित्सा एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में कार्य करते हुए समाज के गरीब, वंचित एवं पिछड़े वर्ग के लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने तथा छत्तीसगढ़ को चिकित्सा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का प्रयास करेंगे।
अद्वित्य सिंह ठाकुर ने अपनी इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों, माता-पिता, दादी, बुआ-फूफा, भैया-बहन तथा सभी शुभचिंतकों के आशीर्वाद, मार्गदर्शन एवं निरंतर सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के संस्कार, शिक्षकों के मार्गदर्शन और शुभचिंतकों के विश्वास ने उन्हें सदैव उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
अद्वित्य की इस बहुआयामी उपलब्धि पर शिक्षा जगत, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने उन्हें तथा उनके परिवार को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं। सभी ने विश्वास व्यक्त किया है कि वे भविष्य में चिकित्सा, वैज्ञानिक अनुसंधान एवं जनसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देकर छत्तीसगढ़ और देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।



