Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
बिलासपुर। विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल, उत्तर बिल्हा प्रखंड के तत्वावधान में ग्राम जाली में त्रिशूल वितरण कार्यक्रम धार्मिक उत्साह और अनुशासित वातावरण के बीच आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, युवाओं एवं ग्रामीणों ने भाग लिया। पूरे गांव में भगवा ध्वजों के साथ धार्मिक वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम, भारत माता एवं वीर हनुमान जी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पार्चन के साथ किया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को त्रिशूल वितरित किए गए। इस दौरान उन्हें धर्म, समाज और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने तथा सेवा, सुरक्षा और संस्कार के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम में मातृ शक्ति विभाग संयोजिका श्रीमती कमलनीन गुप्ता, तखतपुर प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल यादव, रतनपुर प्रखंड अध्यक्ष दीपक, जिला उपाध्यक्ष भोलाराव सिंह मराठा, उत्तर बिल्हा प्रखंड अध्यक्ष आकाश यादव, प्रखंड मंत्री राम धीवर एवं संयोजक शिवमंगल सिंह सहित उत्तर बिल्हा प्रखंड समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि त्रिशूल भगवान शिव का दिव्य आयुध होने के साथ धर्म, आत्मसम्मान, आत्मरक्षा और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने, सेवा कार्यों में भागीदारी निभाने और राष्ट्रहित के कार्यों में सदैव अग्रणी रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के बाद भगवा ध्वजों, ढोल-नगाड़ों और बाजे-गाजे के साथ ग्राम जाली में भव्य नगर भ्रमण निकाला गया। नगर भ्रमण के दौरान जय श्रीराम, भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोषों से पूरा गांव गुंजायमान रहा। विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ हुआ। उपस्थित श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की उन्नति, समाज की एकता और सनातन धर्म की रक्षा का संकल्प लेते हुए भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन किया।



