Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/सुरेश सोनी
नारायणपुर। पोर्टा केबिन आवासीय विद्यालय देवगांव के लिए गर्व की बात है कि विद्यालय के एक छात्र का चयन प्रतिष्ठित प्रयास आवासीय विद्यालय में हुआ है। छात्र की इस सफलता को उसकी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और विद्यालय में उपलब्ध कराए जा रहे गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन का परिणाम माना जा रहा है।
विद्यालय की अधीक्षक श्रीमती रंजीता नाग के नेतृत्व में विद्यार्थियों को शालेय समय के बाद भी विशेष कोचिंग की सुविधा दी जाती है। वर्ष 2022 से श्री खिलेन्द्र देवांगन द्वारा स्मार्ट क्लास के माध्यम से प्रयास आवासीय विद्यालय सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की नियमित तैयारी कराई जा रही है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन मिल रहा है।
विद्यालय ने इस वर्ष एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में 4 छात्रों का चयन भी दर्ज कराया है। इन विद्यार्थियों को भी अधीक्षक के मार्गदर्शन में विशेष ट्यूटरों द्वारा अतिरिक्त कक्षाओं के माध्यम से तैयार किया गया था।
विद्यालय प्रबंधन ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में भी विद्यालय के अधिक से अधिक विद्यार्थी प्रयास आवासीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय एवं अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में चयनित होकर विद्यालय और नारायणपुर जिले का नाम रोशन करेंगे। विद्यालय परिवार ने चयनित छात्र, अधीक्षक श्रीमती रंजीता नाग, कोच श्री खिलेन्द्र देवांगन तथा सभी शिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं और बधाई दी।




