Oplus_131072
एक ही छत के नीचे बिजली विभाग, बैंक, अधिकृत वेंडर और बिहान की सोलर दीदियों ने दी सेवाएं।
बुलन्द टाइम्स न्यूज/अमरजीत सिंह
कोरिया/बैकुंठपुर। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को जिले के अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर ने बैकुण्ठपुर स्थित मानस भवन में आयोजित जिला स्तरीय जागरूकता एवं पंजीयन शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में पहुंचे हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजना के संबंध में उनकी जिज्ञासाओं और समस्याओं की जानकारी ली तथा पीएम सूर्यघर योजना से मिलने वाले लाभों की जानकारी स्वयं हितग्राहियों को दी।
कलेक्टर ने शिविर में मौजूद विद्युत विभाग के अधिकारियों, बैंक प्रतिनिधियों, अधिकृत सोलर वेंडरों और बिहान की सोलर दीदियों से योजना के पंजीयन की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पात्र नागरिकों को योजना से जोड़ने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता लाने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग द्वारा रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापना एवं पंजीयन की प्रक्रिया समझाई गई, जबकि बैंक प्रतिनिधियोशिविर में छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, एक्सिस बैंक, आईडीबीआई बैंक एवं आईसीआईसीआई बैंक के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
110 उपभोक्ताओं ने कराया पंजीयन….
शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर योजना की जानकारी ली। कुल 110 उपभोक्ताओं ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लिए पंजीयन कराया। बैंक ऋण के माध्यम से योजना का लाभ लेने के इच्छुक हितग्राहियों से ऋण आवेदन भी प्राप्त किए गए।
बिहान की सोलर दीदियों ने निभाई अहम भूमिका…
एनआरएलएम बिहान की सोलर दीदियों ने गांवों एवं समुदाय स्तर पर लोगों को योजना की जानकारी देकर उन्हें शिविर तक पहुंचाने और पंजीयन कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं सीएसईबी की टीम ने बिजली बिल में दर्ज पुराने नामों के नाम परिवर्तन से संबंधित प्रकरणों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया, जिससे हितग्राहियों को पंजीयन में सुविधा मिली।
कलेक्टर ने जिले के नागरिकों के साथ-साथ व्यवसायिक प्रतिष्ठानों एवं विभिन्न संस्थाओं से भी पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि रूफटॉप सोलर के माध्यम से स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ बिजली खर्च में भी कमी लाई जा सकती है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री योगेंद्र श्रीवास ने कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आज के समय में बहुत आवश्यक है, उन्होंने जिलेवासियों से कहा इस योजना का लाभ उठाने के लिए जरूर आगे आएं।
कार्यपालन अभियंता श्री पी.के. साहू ने बताया कि शिविर का उद्देश्य नागरिकों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापना, बैंक ऋण सहित योजना से मिलने वाले लाभों की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।
जिला प्रशासन ने जिले के पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर स्थापित कर स्वच्छ ऊर्जा तथा बिजली बिल में बचत की दिशा में सहभागी बनें।




