Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/रूपेंद्र वासुदेव
दंतेवाड़ा। क्षेत्र में सड़कों की बदहाली और प्रशासनिक अनदेखी के कारण आम जनता का जीना दूभर हो गया है। दंतेवाड़ा बाईपास मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से गीदम, हराम और पारस क्षेत्र की सड़कों पर भारी वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। सड़कों का हाल इतना बुरा है कि आए दिन दुपहिया और चौपहिया वाहन चालक गड्ढों के शिकार हो रहे हैं।
विशेषकर गायत्री मंदिर से लेकर स्टेट बैंक चौक तक की मुख्य सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। हालात यह हैं कि बाईक सवारों और छोटी कारों का यहाँ से गुजरना भी बेहद खतरनाक हो गया है। धूल और जाम की इस समस्या से स्थानीय दुकानदार, ट्रैफिक पुलिस बल और आम नागरिक बुरी तरह परेशान हैं, जिससे उनका आवागमन बाधित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद प्रशासन सड़क मरम्मत को लेकर पूरी तरह बेपरवाह बना हुआ है। क्षेत्रीय रहवासियों और व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण या सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।




