सुकमा/दोरनापाल। ग्राम पंचायत कोर्रापाड़ क्षेत्र के पुशवाड़ा से गोडेलगुड़ा तक सड़क निर्माण एवं पेयजल की समस्या को लेकर ग्रामीण लंबे समय से परेशान हैं। सड़क की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं दैनिक जरूरतों के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की मांग है कि पुशवाड़ा से गोडेलगुड़ा ग्राम पंचायत कोर्रापाड़, तहसील दोरनापाल, जिला सुकमा तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क को शीघ्र स्वीकृत कर निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन की समस्या से राहत मिल सके।
इसी प्रकार क्षेत्र में नल-जल योजना के तहत स्वीकृत निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है, जिसके कारण ग्रामीणों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों को पानी के लिए काफी दूर तक जाना पड़ता है और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
इस संबंध में आम आदमी पार्टी जिला सुकमा के जिलाध्यक्ष सुरेश कवासी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर दोनों समस्याओं को तत्काल संज्ञान में लेने एवं शीघ्र समाधान कराने का निवेदन किया। ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि इन समस्याओं को लेकर पूर्व में भी प्रशासन के समक्ष मांग रखी जा चुकी है, लेकिन अभी तक अपेक्षित समाधान नहीं हो पाया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं तथा पुशवाड़ा से गोडेलगुड़ा तक सड़क की स्वीकृति और नल-जल योजना के अधूरे निर्माण को शीघ्र पूरा कराया जाए।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
– पुशवाड़ा से गोडेलगुड़ा तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क स्वीकृत की जाए।
– सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए।
– अधूरी नल-जल योजना का निर्माण तत्काल पूर्ण कराया जाए।
– ग्रामीणों को नियमित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
– पूर्व में दिए गए आवेदनों एवं ज्ञापनों पर शीघ्र कार्रवाई की जाए।
आम आदमी पार्टी एवं ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जनहित की इन मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की है।
सुरेश कवासी
जिलाध्यक्ष, आम आदमी पार्टी जिला सुकमा




