बचेली/दंतेवाड़ा। NMDC अपोलो अस्पताल के वर्तमान संचालन एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सोमेश कडती ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से अस्पताल की व्यवस्थाओं की जांच कराने तथा मरीजों के हित में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कराने की मांग की है।
सोमेश कडती ने कहा कि अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली दवाइयों के साथ-साथ तकनीकी एवं मूलभूत सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। उनके अनुसार, अस्पताल के कंप्यूटर एवं अन्य सिस्टम के लिए UPS जैसी बुनियादी विद्युत व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने के कारण बिजली चले जाने पर सिस्टम बंद हो जाते हैं। इसके बाद उन्हें दोबारा शुरू होने में लगभग 10 मिनट तक का समय लगने की बात कही गई है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्था में बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में सिस्टम को सुचारु रखने के लिए आवश्यक बैकअप व्यवस्था होना जरूरी है। यदि मरीजों की पंजीयन प्रक्रिया, जांच रिपोर्ट अथवा अन्य डिजिटल सेवाएं प्रभावित होती हैं, तो इससे मरीजों और उनके परिजनों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
सोमेश कडती ने क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि NMDC अपोलो अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण एवं आवश्यक जांच करवाकर मरीजों के हित में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल की जाए। उन्होंने अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता, बिजली बैकअप, कंप्यूटर सिस्टम तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की भी मांग की।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े संस्थान में मरीजों को समय पर उपचार और आवश्यक सुविधाएं मिलना प्राथमिकता होनी चाहिए। अस्पताल प्रबंधन द्वारा भी तकनीकी एवं मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाने की अपेक्षा है।
ए आर कर्मा
रिपोर्टर, बस्तर संभाग हेड




