रिपोर्ट – योगेश्वर साहू
छुरा /घटारानी। सच को दिखाने की ताकत क्या होती है, इसका नजारा एक बार फिर घटारानी धाम में देखने को मिला। बुलंद टाइम्स द्वारा मंदिर परिसर में शौचालयों की गंदगी और स्वच्छता की बदहाली को लेकर खबर प्रकाशित की गई थी। खबर में सच्चाई थी, असर भी तुरंत दिखा। खबर लगते ही जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासन तक हरकत में आ गया।
ग्राम पंचायत फुलझर के सरपंच संतोष दिवान, उप सरपंच हेमलाल यादव , सचिव ममता साहू के साथ छुरा जनपद के सीईओ स्वयं घटारानी पहुंचे और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उनके साथ घटारानी ट्रस्ट की महिला समिति की वंदना ध्रुव, हेमा साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने झाड़ू थामा और श्रमदान कर मिसाल पेश की।

कुछ ही घंटों में तस्वीर बदल गई। पार्किंग स्थल से लेकर मंदिर परिसर और शौचालयों तक चकाचक सफाई कर दी गई। भक्तों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि मीडिया की सकारात्मक भूमिका से ही व्यवस्था में सुधार होता है।
इधर शारदीय नवरात्रि को लेकर घटारानी धाम में रौनक बढ़ गई है। मंदिर ट्रस्ट द्वारा ज्योति बुक के लिए रसीद काटना प्रारंभ कर दिया गया है। मंदिर से लगे धर्मशाला और भवनों में लिपाई-पुताई का कार्य तेजी से चल रहा है। ट्रस्ट ने बताया कि नवरात्रि के नौ दिनों तक प्रतिदिन भंडारे की व्यवस्था रहेगी और रात में देवी जस गीतों से पूरा धाम भक्तिमय हो जाएगा। विश्व प्रसिद्ध घटारानी जलप्रपात की प्राकृतिक सुंदरता के बीच माता के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है।




