अमित दुबे की रिपोर्ट:
रतनपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026 को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रतनपुर के तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। झूलेलाल मार्ग स्थित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कार्यालय में दोपहर 3 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने दोनों महान विभूतियों के छायाचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के ब्लॉक एवं मंडल स्तर के अध्यक्षों, पदाधिकारियों तथा कांग्रेस पार्षदों सहित कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। इस दौरान महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, राष्ट्रनिष्ठा और कर्तव्यपरायणता को याद किया गया।
सत्य, अहिंसा और देशसेवा के आदर्शों को किया याद
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश की आजादी की लड़ाई को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी समाज में शांति, सद्भाव, समानता और भाईचारे की स्थापना के लिए प्रेरणा देते हैं।
वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने अपने सादगीपूर्ण जीवन, दृढ़ नेतृत्व और देश के प्रति समर्पण से भारतीय राजनीति में एक विशिष्ट पहचान बनाई। उनका प्रसिद्ध नारा ‘जय जवान, जय किसान’ आज भी देश के सैनिकों और किसानों के सम्मान तथा योगदान का प्रतीक है।

कांग्रेसजनों ने महापुरुषों के विचारों पर चलने का लिया संकल्प
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि रियाज अहमद खोखर, वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद सुनील अग्रवाल तथा वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद पुष्प कांत कश्यप वार्ड 7 पार्षद रामफल श्रीवास ,संतोष सोनी,शीतल जयसवाल, विमल सोनी,अविनाश श्रीवास, प्रियांशु श्रीवास सहित उपस्थित कांग्रेसजनों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और उनके आदर्शों को स्मरण किया।
कार्यक्रम के माध्यम से समाज में आपसी सद्भाव, सामाजिक एकता, जनसेवा और राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। उपस्थित कांग्रेसजनों ने दोनों महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।




