गणेश ब्यूरो चीफ
जशपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 440.63 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा टाटा आईसर मिनी ट्रक भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 2 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम ने की। उड़ीसा की ओर से आ रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को संदेह के आधार पर रोककर जांच की गई।
मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाया था गांजा
जांच के दौरान वाहन में ऊपर की ओर मिर्ची से भरी बोरियां रखी मिलीं। पुलिस ने जब इन बोरियों को हटाकर नीचे रखे सामान की जांच की तो टेप से लिपटे पैकेट बरामद हुए। पैकेट खोलने पर उनमें गांजा पाया गया।
पुलिस के मुताबिक, कुल 14 बोरियों से 440 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन 440.63 किलोग्राम है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये बताई गई है। वहीं, तस्करी में प्रयुक्त मिनी ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
प्रयागराज के दो आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34) के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के मुंडेरा, थाना ढूंमनगंज के निवासी बताए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गांजा उड़ीसा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज जा रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किससे खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ी जोड़ने के लिए एंड-टू-एंड विवेचना कर रही है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

जनवरी से अब तक 16 मामलों में 1906 किलो गांजा जब्त
जशपुर पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 1906 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने इन मामलों में 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल 17 कार और एक पिकअप वाहन भी जब्त किए गए हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, सहायक उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार, विनोद तिर्की सहित एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जशपुर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और गांजा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।




