गणेश ब्यूरो चीफ
जशपुर। कुनकुरी में मोबाइल दुकान से 132 हैंडसेट चोरी होने के मामले में जशपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से अब तक 1 लाख 80 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। चोरी के मोबाइलों को बांग्लादेश में खपाए जाने की जानकारी भी जांच के दौरान सामने आई है। पुलिस अब मोबाइल हैंडसेट की बरामदगी के लिए कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है।
मामले में थाना कुनकुरी में अपराध क्रमांक 148/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, टावर डंप लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
शटर के ताले काटकर दुकान में घुसे थे चोर
पुलिस के मुताबिक कुनकुरी निवासी दुकानदार पंकज कुमार पारिक ने 12 अगस्त 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 11 अगस्त की रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह बैंक कर्मचारी ने फोन कर दुकान का शटर खुला होने की जानकारी दी।
दुकान पहुंचने पर शटर के दोनों ताले कटे मिले। अंदर मोबाइल के डिब्बे बिखरे हुए थे और बिक्री के लिए रखे गए 132 मोबाइल हैंडसेट गायब थे। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से मिली अहम जानकारी
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ दुकानदार और गवाहों के बयान दर्ज किए। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज, टावर डंप लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया।
जांच में पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि घटना के आसपास स्थित एक होटल में दो संदिग्ध खाना खाने पहुंचे थे और वहां उन्होंने अपना मोबाइल नंबर दिया था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश आगे बढ़ाई।
झारखंड और पश्चिम बंगाल तक पहुंची पुलिस
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम झारखंड के साहेबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र स्थित मुर्गीटोली पहुंची, जहां से तौसिफ राजा को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने साथी कबीर शेख के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में चोरी के मोबाइलों को आगे बिक्री के लिए दिए जाने की बात सामने आई। जांच के दौरान कुछ मोबाइल अलग-अलग लोगों को बेचे जाने की जानकारी भी मिली।
पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने अब तक इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। गिरफ्तार आरोपियों में तौसिफ राजा, सेंटू शेख, इकबाल हुसैन उर्फ राणा, अब्दुल बारी उर्फ रूबेल और अब्दुल अजीज शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी अलग-अलग तारीखों में 25 अगस्त, 14 सितंबर, 27 सितंबर और 1 अक्टूबर 2026 को की गई।
1.80 लाख रुपये बरामद
पुलिस ने आरोपी सेंटू शेख से कमीशन के रूप में प्राप्त बची हुई 1 लाख 80 हजार रुपये की राशि बरामद कर जब्त की है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल किए गए आरोपियों के मोबाइल फोन भी साक्ष्य के तौर पर जब्त किए गए हैं।
चार आरोपी अब भी फरार
जांच के दौरान पुलिस ने चार अन्य संदिग्ध आरोपियों की पहचान किए जाने की बात कही है। ये आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार अब तक की जांच और गिरफ्तार आरोपियों के कथनों से चोरी किए गए मोबाइल हैंडसेट को बांग्लादेश में बिक्री किए जाने की जानकारी सामने आई है। मोबाइलों की बरामदगी के लिए कानूनी प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक राकेश यादव, उप निरीक्षक नसरुद्दीन अंसारी, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर प्रसाद वारले सहित साइबर सेल जशपुर और थाना कुनकुरी की टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका रही।




