तमता। पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम तमता में सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से मंगलवार को डांस प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें क्षेत्र की एक दर्जन से अधिक डांस टीमों ने भक्ति, फिल्मी और देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे।
प्रतियोगिता में शिवानी डांस ग्रुप ने प्रथम स्थान हासिल किया। ग्रुप को 11,001 रुपए नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। भोला डांस ग्रुप द्वितीय रहा, जिसे 5,001 रुपए और ट्रॉफी मिली। वहीं रैरूमा के जय मां दुर्गा डांस ग्रुप ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। उसे 3,001 रुपए नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई।
प्रतियोगिता में वैभव अग्रवाल, प्रदीप नंदे, रमेश यादव, गोवर्धन यादव, रुबल बंसल और अभिषेक होता ने निर्णायक की भूमिका निभाई। समिति के इस आयोजन में प्रतिभागियों ने नृत्य और वेशभूषा के जरिए अपनी कला का प्रदर्शन किया।
18 अक्टूबर को होगा जगराता
तमता में नवरात्र के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम है। प्रतिदिन महाभोग-भंडारे के साथ आरती के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। समिति के अनुसार, 18 अक्टूबर को रायपुर की गायिका बैजन्ती यादव और उनकी टीम द्वारा भव्य जगराता प्रस्तुत किया जाएगा। समिति ने क्षेत्र के लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।




