रिपोर्टर – योगेश्वर साहू,
गरियाबंद। जिले भर में नवरात्रि महोत्सव की धूम है। फुलझर घटारानी, मुरमुरा, झरझरा, जतमई, जमाही, पोंड, पाण्डुका, राजिम और फिंगेश्वर समेत सभी देवी धामों में माता के जयकारे गूंज रहे हैं।
सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा है। माता के नौ रूपों की विधि-विधान से पूजा हो रही है। पंडालों में देवी जस गीतों की महफिल जमी है और कई जगह विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है।
आज शारदीय नवरात्रि की पंचमी है। पंचमी का विशेष महत्व है। आज के दिन माता रानी को सोलह श्रृंगार चढ़ाया जाता है। सुहागिन महिलाएं माता को चुनरी, सिंदूर, चूड़ी, महावर और श्रृंगार सामग्री अर्पित कर अखंड सौभाग्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रही हैं।
घटारानी धाम में पंचमी के अवसर पर हजारों श्रद्धालु पहुंचे हैं। माता के दरबार को फूलों और रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया है। मंदिर समिति और प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं।




