सुरेश सोनी
नारायणपुर। दशहरा पर्व के अवसर पर पुलिस लाइन नारायणपुर में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शस्त्र पूजन किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूजा-अर्चना कर जिले में शांति, सुरक्षा और जनकल्याण की कामना की।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर, एसडीओपी नारायणपुर अजय सिंह, एसडीओपी छोटेडोंगर मनोज मांडवी, रक्षित निरीक्षक सोनू वर्मा, मोहसिन खान, सूबेदार विक्रम सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
डीआरजी परिसर और थानों में भी हुआ शस्त्र पूजन
दशहरा पर्व के अवसर पर जिले के डीआरजी परिसर और सभी थानों में भी परंपरानुसार शस्त्र पूजन किया गया। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक पूजा में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कर्तव्यों के प्रति समर्पण, अनुशासन और जनसेवा की भावना को दोहराया।
नवनिर्मित वाहन शाखा कार्यालय का उद्घाटन
शस्त्र पूजन कार्यक्रम के साथ ही पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने पुलिस लाइन में नवनिर्मित वाहन शाखा कार्यालय का उद्घाटन किया। इस कार्यालय के शुरू होने से वाहन शाखा से संबंधित कार्यों के सुव्यवस्थित संचालन और विभागीय व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
नारायणपुर पुलिस ने इस अवसर पर जिलेवासियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं और सभी से पर्व को शांति, सौहार्द एवं सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।




