इंदौर | इंदौर मध्यप्रदेश सबसे बड़ी राखी इंदौर में बनाई जा रही है, जो रक्षाबंधन के दिन खजराना गणेशजी को अर्पित की जाएगी। इसे बनाने वाली समिति का दावा है कि यह 169 वर्ग फीट यानी 13 बाय 13 वर्ग फीट की है। इसकी डोर 101 मीटर है।
दोपहर 3 बजे यह राखी गणेशजी को चढ़ाई जाएगी। इस का निर्माण श्री विघ्नहर्ता गणेश भक्त समिति कर रही है। इसमें 10 नियम बताए जाएंगे, मनुष्य अपने जीवन में पालन कर पर्यावरण का संरक्षण कर सकता है।
हर साल बढ़ाते हैं एक-एक फीट
संस्था के राजेश बिड़कर व राहुल शर्मा ने बताया कि समिति सातवीं बार इस तरह की राखी का निर्माण कर रही है। हर साल इसका आकार एक-एक फिट बढ़ाते हैं। इस बार वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड की टीम को आमंत्रित किया है।
यह राखी रक्षाबंधन से जन्माष्टमी तक भक्तों के दर्शन के लिए खजराना गणेश मंदिर में ही रखी जाएगी। भक्त अपनी राखी लाकर इस बड़ी राखी की डोर पर बांध सकते हैं। सभी को ऑनलाइन सर्टिफिकेट दिए जाएंगे।
10 नियमों से पर्यावरण संरक्षण का देंगे संदेश
ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाएं।
अपने आसपास स्वच्छता रखें।
एयर पॉल्यूशन नियंत्रित करें।
वर्षा जल का संरक्षण करें।
वन जीवों को बचाएं।
बिजली बचाएं।
प्लास्टिक का उपयोग न करें।
पेड़ों को काटना बंद करें।
कागज बर्बाद न करें।
अन्न बर्बाद नहीं करें।



