रोहित गुमास की रिपोर्ट-
बीजापुर। स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान, जिला बीजापुर द्वारा स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट सेवा के संचालन से जुड़े राष्ट्रीय सुरक्षा, डेटा संप्रभुता एवं स्वदेशी संचार तकनीक के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को लेकर जिला कलेक्टर श्री विश्वदीप जी को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट सेवा के संभावित प्रभावों एवं उससे जुड़े राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी पहलुओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए इसके संचालन पर रोक लगाने तथा देशहित में आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई। साथ ही भारत की डेटा संप्रभुता, नागरिकों की डिजिटल सुरक्षा और स्वदेशी संचार तकनीक को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर स्वावलंबी भारत अभियान की जिला प्रशिक्षिका कुमारी रीना ककेम एवं वेंकट कॉलेज की स्वावलंबी भारत अभियान टीम इलेवन के सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने देश की सुरक्षा, आर्थिक आत्मनिर्भरता और स्वदेशी तकनीक को प्रोत्साहित करने के संकल्प को दोहराया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस दौर में भारत को संचार एवं डिजिटल क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना समय की आवश्यकता है। देश की सुरक्षा, नागरिकों के डेटा की गोपनीयता एवं राष्ट्रीय हितों से जुड़े विषयों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
राष्ट्रहित सर्वोपरि, स्वदेशी तकनीक का सम्मान और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण ही हमारा संकल्प है।






