रिपोर्ट – योगेश्वर साहू
गरियाबंद – छुरा
बुलंद टाइम्स न्यूज की खबर का असर तो हुआ, लेकिन मरम्मत के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति कर दी गई। फुलझर से खदराही कमार टोला नहर मार्ग पर बने मौत के कुएं जैसे बड़े गड्ढे को डामर से नहीं, बल्कि मिट्टी डालकर भर दिया गया।
बता दें कि इस जर्जर सड़क की खबर बुलंद टाइम्स न्यूज ने प्रमुखता से चलाई थी। खबर लगते ही विभाग हरकत में आया और दो दिन में ही गड्ढे में मिट्टी डाल दी गई। लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि यह मरम्मत नहीं, बल्कि सिर्फ दिखावा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि मिट्टी डालकर गड्ढा भरने से समस्या खत्म नहीं होगी। एक-दो बारिश में ही मिट्टी बह जाएगी और सड़क फिर से उसी हालत में पहुंच जाएगी। किसानों और आवागमन करने वाले ग्रामीणों को फिर से वही परेशानी झेलनी पड़ेगी।
इस मार्ग से रोजाना किसानों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों का आवागमन होता है। पहले भी बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। अब मिट्टी वाली मरम्मत से ग्रामीणों में और ज्यादा नाराजगी देखने को मिल रही है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि इस सड़क की गुणवत्तापूर्ण डामर से पक्की मरम्मत की जाए, ताकि यह समस्या हमेशा के लिए खत्म हो सके। ग्रामीणों ने कहा कि अगर जल्द पक्की मरम्मत नहीं हुई, तो वे फिर से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।







