योगेश्वर साहू की रिपोर्ट
रायपुर/ गरियाबंद
आयुष्मान भारत योजना से जुड़े करोड़ों कार्डधारकों के लिए एक बड़ी और बेहद जरूरी खबर सामने आई है। 1 दिसंबर 2026 से आयुष्मान कार्ड पर नए नियम लागू होने की तैयारी चल रही है। अगर आप भी आयुष्मान कार्डधारक हैं, तो यह खबर आपके लिए जानना बेहद जरूरी है, क्योंकि जरा सी लापरवाही आपको अस्पताल में भारी परेशानी में डाल सकती है।
नए प्रस्ताव के अनुसार, अब 112 प्रकार के उपचार सिर्फ सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित कर दिए जाएंगे। यानी इन 112 बीमारियों का इलाज अब आयुष्मान कार्ड से निजी अस्पतालों में नहीं होगा। इसका सीधा असर उन लाखों मरीजों पर पड़ेगा, जो अब तक छोटी से छोटी बीमारी के लिए भी सीधे निजी अस्पतालों का रुख करते थे।
बता दें कि इन 112 आरक्षित उपचारों में मोतियाबिंद, ग्लूकोमा, स्त्री रोग, लीवर से जुड़ी बीमारियां, मानसिक रोग सहित कई गंभीर और आम बीमारियों के इलाज शामिल हैं। ये वही बीमारियां हैं, जिनके लिए ग्रामीण और गरीब परिवार सबसे ज्यादा निजी अस्पतालों पर निर्भर रहते थे। अब इनका इलाज आयुष्मान कार्ड के तहत सिर्फ सरकारी अस्पतालों में ही संभव होगा।
क्या निजी अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड पूरी तरह बंद हो जाएगा ?
नहीं, इसको लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। इस बदलाव का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि निजी अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड से सारा इलाज बंद हो जाएगा। 112 आरक्षित पैकेजों को छोड़कर बाकी अन्य उपचार पैकेजों पर निजी अस्पतालों में सुविधा पहले की तरह जारी रह सकती है। यानी कुछ इलाज निजी में मिलेंगे और कुछ सिर्फ सरकारी में।
सरकार का मकसद क्या है ?
विशेषज्ञों का कहना है कि सरकार का मकसद सरकारी अस्पतालों को मजबूत करना, योजना में पारदर्शिता लाना और फर्जीवाड़े पर रोक लगाना है। लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ निजी अस्पताल योजना का गलत फायदा उठा रहे हैं। इसी को देखते हुए यह बड़ा फैसला लिया जा रहा है।
कार्डधारकों के लिए सबसे बड़ी सावधानी
इलाज कराने से पहले अस्पताल में जाकर यह जरूर पता करें कि आपके संबंधित उपचार की सुविधा आयुष्मान कार्ड के अंतर्गत उस अस्पताल में उपलब्ध है या नहीं। बिना जानकारी के अस्पताल पहुंचने पर आपको न सिर्फ परेशानी होगी, बल्कि पैसों का भी नुकसान उठाना पड़ सकता है। अस्पताल वाले बाद में कह देंगे कि यह पैकेज हमारे यहां आयुष्मान में नहीं है।
गांव-गांव तक पहुंचाएं यह जानकारी
ग्रामीण इलाकों में आज भी बहुत से लोगों को इस बदलाव की जानकारी नहीं है। ऐसे में यह जिम्मेदारी हम सबकी बनती है कि इस खबर को अपने परिवार, रिश्तेदारों, पड़ोसियों और परिचितों तक जरूर पहुंचाएं, ताकि किसी गरीब और जरूरतमंद को इलाज के समय दर-दर भटकना न पड़े।
समय रहते जागरूक हो जाइए, क्योंकि इलाज से पहले जानकारी ही सबसे बड़ा बचाव है।
जनहित में जारी | जागरूक रहें, सुरक्षित रहें







