सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर, 15 नवंबर 2026 : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा किसानों की मेहनत और उनके योगदान का सम्मान करते हुए खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत 15 नवंबर से जिले के सभी 19 धान उपार्जन केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ कर दी गई है। शासन द्वारा किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से तथा प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल तक धान की खरीदी की जा रही है। धान खरीदी प्रारंभ होने से जिले के किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिलना सुनिश्चित हो रहा है।
धान खरीदी के पहले दिन विभिन्न उपार्जन केंद्रों में धान बेचने पहुंचे किसानों का पुष्प भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान धान उपार्जन केंद्र नारायणपुर में किसान हितेंद्र पिता यज्ञनाथ, एड़का उपार्जन केंद्र में किसान फागुराम, बेनूर उपार्जन केंद्र में किसान नारायण पिता मेहतर एवं रितेश पिता बालसिंह तथा गढ़बेंगाल उपार्जन केंद्र में किसान शशि बाई मानिकपुरी ने 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की निर्धारित दर से अपना धान विक्रय किया। उपार्जन केंद्रों में किसानों का स्वागत कर खरीदी प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया।
कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार जिले में धान खरीदी के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। किसानों को उनकी उपज विक्रय करने में सुविधा हो, इसके लिए इस वर्ष जिले में उपार्जन केंद्रों की संख्या 17 से बढ़ाकर 19 की गई है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हलामीमुंजमेटा एवं तारागांव में दो नवीन धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। जिले में वर्तमान में कुल 10,686 किसानों का पंजीयन किया गया है, जिनका कुल पंजीकृत रकबा 13,063.08 हेक्टेयर है।
धान खरीदी की प्रक्रिया को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए किसानों को ऑनलाइन तुंहर टोकन मोबाइल ऐप तथा संबंधित समिति के माध्यम से ऑफलाइन टोकन प्राप्त करने की सुविधा दी गई है। टोकन जारी करने की प्रक्रिया 10 नवंबर से प्रारंभ हो चुकी है। किसान अपनी निर्धारित तिथि एवं टोकन के अनुसार उपार्जन केंद्रों में धान विक्रय कर सकते हैं। राज्य शासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले में धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक संचालित की जाएगी।
उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा और धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं टोकन के अनुसार ही उपार्जन केंद्रों में धान लेकर पहुंचें। साथ ही धान अच्छी तरह साफ-सुथरा एवं सूखा होना चाहिए, ताकि खरीदी के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर जिला खाद्य अधिकारी मोहम्मद अलाउद्दीन, जिला विपणन अधिकारी जनेंद्र शर्मा, एआरसीएस अनिल तारम एवं नोडल सीसीबी प्रतीक अवस्थी उपस्थित थे।







