अमरजीत सिंह
बुलन्द टाईम्स न्यूज
कोरिया/बैकुंठपुर –पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के निर्देशन में जिले भर में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों और लंबित स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए सघन विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस टीमों ने लगातार पतासाजी और संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए अब तक कुल 57 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के मार्गदर्शन और संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन कर यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जिले सहित संभावित बाहरी ठिकानों पर लगातार दबिश दी, जिसके परिणामस्वरूप लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहे वारंटी गिरफ्त में आए।
अभियान के तहत 01 नवंबर से अब तक हुई कुल 57 गिरफ्तारियों में सर्वाधिक थाना बैकुंठपुर से 27 और थाना पटना से 22 स्थायी वारंटी पकड़े गए हैं। इसके अतिरिक्त थाना चरचा से 06 तथा थाना सोनहत से 02 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार करने में पुलिस ने सफलता पाई है।
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के विरुद्ध माननीय न्यायालय द्वारा स्थायी वारंट जारी किए गए थे, जिन्हें विधिवत न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस की इस सख्त और निरंतर कार्रवाई से फरार अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।







