रिपोर्टिंग : लता नाग
किरन्दुल :नगर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि एवं मंगल कामनाओं के उद्देश्य से किरंदुल स्थित श्री राघव मंदिर (देवधाम) परिसर में 28 दिसंबर 2026 से 5 जनवरी 2027 तक श्रीमद्भागवत कथा एवं पंचकुंडीय श्री विष्णु महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा।
सात दिवसीय इस आध्यात्मिक महोत्सव में श्रीमद्भागवत कथा, कलश यात्रा, पूर्णाहुति, प्रसाद वितरण एवं विशाल भंडारे सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
आयोजन का मुख्य आकर्षण अयोध्या के हनुमानगढ़ी से पधारने वाले पूज्य संत श्री का सानिध्य एवं श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण होगा। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, प्रेम, त्याग और मानव कल्याण का संदेश दिया जाएगा।
इस अवसर पर बैलाडीला एवं किरंदुल क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों, बुजुर्गों तथा श्री राघव मंदिर के संस्थापक एवं योगदानकर्ताओं का विशेष सामूहिक सम्मान भी किया जाएगा।
आयोजन समिति ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों एवं नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धार्मिक महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।
यह आयोजन धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सनातन संस्कृति के संरक्षण का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।







