नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने ओरछा थाना क्षेत्र के चालचेर जंगल में सर्चिंग के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार, कारतूस, मैगजीन और संचार उपकरण बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई आत्मसमर्पित माओवादी कैडर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर की गई। 24 नवंबर 2026 को 86वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल और थाना ओरछा के जिला पुलिस बल ने संयुक्त रूप से जंगल में सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान माओवादियों के छिपाए गए हथियारों और अन्य सामग्री का पता चला।
SLR और INSAS राइफल समेत तीन हथियार बरामद
संयुक्त टीम ने मौके से 7.62 एमएम की एक SLR राइफल, 5.56 एमएम की एक INSAS राइफल और एक देशी कट्टा बरामद किया। इसके अलावा 7.62 एमएम के 52 और 5.56 एमएम के 52 कारतूस जब्त किए गए।
संचार उपकरण और अन्य सामग्री भी मिली
सर्चिंग के दौरान दो SLR मैगजीन, तीन INSAS मैगजीन, दो वॉकी-टॉकी (Baofeng कंपनी), एक अतिरिक्त बैटरी और एक लेजर पॉइंटर पेन भी बरामद किया गया।
यह संयुक्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल और BSF के उप महानिरीक्षक परिस अनिल के निर्देशन में संचालित नक्सल विरोधी अभियान के तहत की गई। अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, ऐश्वर्य चंद्राकर, 86वीं वाहिनी के समादेष्टा धनंजय सिंह और SDOP छोटेडोंगर मनोज मंडावी का मार्गदर्शन रहा।
पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा जिले में नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इस बरामदगी को नक्सल विरोधी अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।







