रिपोर्टिंग: : लता नाग
दन्तेवाड़ा/गीदम, 26 नवंबर 2026। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और अवैध धान भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश पर 25 नवंबर को गीदम में प्रशासनिक संयुक्त टीम ने तीन व्यापारिक प्रतिष्ठानों के गोदामों में औचक जांच की।
जांच के दौरान कुल 200 बोरी यानी 100 क्विंटल धान जब्त किया गया। इसमें पवन ट्रेडर्स से 55 क्विंटल, शिवहरे ब्रदर्स से 25 क्विंटल और गणेश ट्रेडर्स से 20 क्विंटल धान शामिल है।
संयुक्त जांच दल ने गोदामों में उपलब्ध धान के स्टॉक और संबंधित दस्तावेजों का मिलान किया। जांच में कृषि उपज मंडी अधिनियम 1972 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई की गई। आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रकरण कलेक्टर (खाद्य शाखा) के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को धान खरीदी व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने तथा अवैध भंडारण और अनियमितता के मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।







