योगेश्वर साहू की रिपोर्ट
रायपुर / गरियाबंद –
छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। 28 नवम्बर से प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसी के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में आगामी 28 और 29 नवम्बर को बारिश होने के आसार हैं। विभाग का कहना है कि इस दौरान बस्तर क्षेत्र में सबसे ज्यादा बारिश हो सकती है। इसके साथ ही अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है।
किसानों के लिए चेतावनी
कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने किसानों को अगले दो-तीन दिनों तक धान कटाई पर रोक लगाने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि इस दौरान किसान धान की कटाई न करें, ताकि खेत में पड़ी फसल बारिश से खराब न हो।
किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपने खेतों में पानी निकासी की उचित व्यवस्था बनाए रखें। जो फसल कट चुकी है, उसे सुरक्षित स्थान पर रखें और ढंक कर रखें। खुले में रखी फसल बारिश में भीगने से खराब हो सकती है।
सतर्क रहने की अपील
मौसम में हो रहे बदलाव को देखते हुए किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग की ओर से लगातार नजर रखी जा रही है। किसानों से कहा गया है कि वे मौसम की जानकारी लेते रहें और फसल को नुकसान से बचाने के लिए समय रहते व्यवस्था कर लें।







