भोपाल | भोपाल मध्यप्रदेश मध्यप्रदेश के किसानों के लिए एक बहुत अच्छी खबर है। प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने किसानों को बोनस देने का ऐलान किया है। ये बोनस मोटे अनाज की खेती करने वाले किसानों को दिया जाएगा। सरकार ने तय किया है कि किसानों को मोटे अनाज पर 10 रूपए प्रति किलो के हिसाब से बोनस दिया जाएगा। ऐसा माना जा रहा है कि मोटे अनाज पर मिलने वाले इस एक्स्ट्रा बोनस से किसान मोटे अनाज की खेती करने को प्रोत्साहित होंगे।
मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार ने किसानों को मोटे अनाज की खेती करने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु मोटे अनाज पर 10 रूपए प्रति किलो प्रोत्साहन राशि देने का ऐलान किया है। बता दें कि अभी मध्यप्रदेश में मोटे अनाज की खेती कुल खाद्यान्न उत्पादन क्षेत्र के सिर्फ साढ़े तीन प्रतिशत हिस्से में ही होती है। राज्य में 06 लाख 20 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में मोटा अनाज उगाया जा रहा है। 2021-22 में 05 लाख 55 हजार हेक्टेयर में मोटा अनाज उपजा था।
मोटे अनाज के उत्पादन में मध्य प्रदेश देश में पांचवें स्थान पर है। साल 2023-24 में प्रदेश में 12.68 लाख टन मोटे अनाजों का उत्पादन हुआ है। जबकि 2019-20 में इसकी पैदावार 8.96 लाख टन हुई थी। प्रदेश में सबसे ज्यादा लगभग 60 प्रतिशत फसल बाजरा की होती है। मंडला, डिंडोरी, बालाघाट समेत अन्य जिलों में मोटे अनाज की खेती ज्यादा होती है।




