भोपाल | भोपाल मध्यप्रदेश मध्यप्रदेश में एक बार फिर कोरोना की एंट्री हो गई है। इक्का-दुक्का पाजिटिव केस निकलने की खबरें मिलने लगी हैं। इसकी चपेट में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी आ गए हैं। कांग्रेस नेता एवं पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की तबीयत खराब हो गई है। उन्हें बुखार आने पर जांच कराई गई तो कोविड की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को दोपहर में सोशल मीडिया अकाउंट पर इसकी जानकारी दी है। दिग्विजय सिंह ने लिखा है कि मुझे 5 दिनों के लिए आराम करने की सलाह दी गई है। आप भी अपना ख्याल रखना।
दिग्विजय सिंह ने लिखा है कि मेरा covid test पॉजिटिव आया है। मुझे 5 दिनों के लिए आराम करने के लिए कहा गया है। इसलिए मैं कुछ समय के लिए नहीं मिल पाऊंगा। क्षमा करें। आप सभी भी covid से बचने के लिए अपना ख्याल रखें।
सागर भी गए थे दिग्विजय
दिग्विजय सिंह रक्षाबंधन के दिन ही सागर जिले के दौरे पर थे। उन्होंने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था। कोविड पाजिटिव आने के बाद उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। सागर के खुरई में बरोदिया नौनगिरी गांव में दिग्विजय सिंह रक्षाबंधन के दिन पहुंचे थे। उन्होंने मृतक अंजना और नितिन अहिरवार की मां से राखी बंधवाई थी। मई 2024 में हुई नितिन अहिरवार की हत्या के बाद से यह मामला सुर्खियों में है।
पहले भी हुए कोरोना पॉजिटिव
इससे पहले जनवरी 2022 को भी दिग्विजय सिंह कोरोना संक्रमित पाए गए थे। उस समय उन्होंने आरटीपीसीआर टेस्ट कराया था। दिग्विजय सिंह को उस समय बुखार, खांसी, सर्दी, जुकाम बदन में दर्द की शिकायत हुई थी।



