अभिषेक नायक की रिपोर्ट :-
मध्यप्रदेश | मध्यप्रदेश में ट्रैफिक जाम बहुत सामान्य बात हो गई है। हर कहीं घंटों तक जाम लग रहा है। यहां तक कि कई बार हाईवे तक भी जाम हो जाते हैं। ट्रैफिक जाम में अब आम आदमी ही नहीं, खास लोग भी फंस रहे हैं। एमपी की एक सांसद को भी इस परिस्थिति से रूबरू होना पड़ा। वे ट्रैफिक जाम में ऐसी फंसी कि आखिरकार गाड़ी छोड़कर पैदल ही मंजिल की ओर निकलना पड़ा। जाम के कारण सांसद के पैदल चलने का किसी ने वीडियो बना लिया जोकि अब तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रदेश की एक महिला सांसद विदिशा में ट्रैफिक जाम में फंस गईं। रोड पर ऐसा जाम लगा कि वाहनों की लंबी लाइन लग गई। लोग हार्न बजाते बजाते परेशान हो गए लेकिन जाम खुलने का कोई अता पता ही नजर नहीं आ रहा था। ऐसे में कार में बैठी सांसद भी परेशान हो उठीं। वे गाड़ी से उतरीं और पैदल ही चल दीं।
सागर लोकसभा की सांसद लता वानखेड़े अपने संसदीय क्षेत्र का दौरा कर रहीं हैं। उनकी लोकसभा में विदिशा जिले के कुछ हिस्से भी आते हैं। दौरे के दौरान वे विदिशा के बीजेपी कार्यालय जाने लगीं लेकिन बाजार में ट्रैफिक जाम में फंस गईं।
प्रोटोकाल के तहत उनकी कार के आगे पीछे सुरक्षा आदि के लिए वाहन भी जाम में फंस गया। पूरा काफिला ट्रैफिक जाम में फंस गया पर सांसद इससे बेचैन हो उठीं। जब बहुत देर तक जाम नहीं खुला तो वे कार से उतरीं और बीजेपी कार्यालय की ओर पैदल ही चल दीं।
बीजेपी नेताओं ने बताया कि सांसद लता वानखेड़े ने काफी देर तक ट्रैफिक चालू होने का इंतजार किया। बाद में उनका सब्र टूट गया और जाम में वाहनों की लंबी कतार को देखकर वे कार की बजाए पैदल ही बीजेपी कार्यालय पहुंच गईं।



