अभिषेक नायक की रिपोर्ट: –
कटनी मध्यप्रदेश| कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देशन में जिले में मुख्य एवं अन्य सड़कों पर विचरण करते घुमंतु पशुओं को गौशाला में शिफ्ट करने की कार्रवाई का सिलसिला अनवरत रूप से जारी है। इसके साथ ही मुनादी कराकर पालकों से पशुओं को खुले में नही छोड़ने की अपील भी की जा रही है।
नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों की सार्वजनिक सड़कों पर घूम रहे मवेशियों को हांका लगवाकर एवं वाहन के माध्यम से शिफ्ट करने की कार्रवाई की जा रही है। आगामी दिनों में भी गौवंश को गौशालाओं और गौ-आश्रय स्थलों में शिफ्ट करने की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है की वर्षा काल के दौरान गौवंश अपने आप को सुरक्षित रखने के लिए इधर-उधर भटकते हुए सड़कों पर आ बैठते हैं, जिससे आवागमन के दौरान उनके साथ दुर्घटनाएं हो जाती हैं। नगर निगम, तीनों नगर परिषदों सहित ग्राम पंचायतों में नेशनल हाईवे व कटनी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ कार्यों को अंजाम दिया जा रहा है।
सड़कों और हाईवे पर विचरण करने वाली गायों को सुरक्षित गौशालाओं में भेजा जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी पशु पालकों से अपील की गई है कि अपने-अपने पशुओं को सड़कों पर ना आने दें ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय दुर्घटना की स्थिति निर्मित ना हो पाए।



