बीना मध्यप्रदेश| खिमलासा रोड पर ओवरब्रिज का निर्माण चल रहा है, जिसमें बरती जा रही लापरवाही किसी की जान भी ले सकती है। यहां बिना एप्रोच रोड बनाए हुए ही बीच में काम किया जा रहा है और ऊपर चल रहे काम से नीचे निकलने वाले वाहन चालकों को खतरा बना हुआ है।
बारिश होने पर एप्रोच रोड पर कीचड़ वाहन चालकों के लिए मुसीबत बनती है, तो बारिश रुकते ही यहां गड्ढे और धूल के कारण निकलना मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा ब्रिज निर्माण का कार्य ऊंचाई पर चल रहा है, जिसमें गर्डर, प्लेट, सरिया लगाया जा रहा है और नीचे से वाहन चालक निकल रहे हैं। यदि कोई प्लेट या गर्डर किसी वाहन चालक पर गिर गया, तो उसकी जान भी जा सकती है। यहां निर्माण के दौरान पूरा एरिया कवर्ड किया जाना था, जिससे वाहन चालक दूर से निकलते, लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा है। कई लोग इसकी शिकायत भी कर चुके हैं और यहां से अधिकारी भी हर दिन निकलते हैं, लेकिन ध्यान नहीं दे रहे हैं।
वाहन टकराने से गिर सकती हैं सेंटिंग
इस रोड से भारी वाहन निकलते हैं और यदि कोई वाहन सेंटिंग से टकरा गया, तो बड़ा हादसा हो जाएगा। साथ ही निर्माण एजेंसी को भी नुकसान उठाना पड़ेगा। पिलर के दूर से यहां बैरिकेडिंग करना जरूरी है।
एक पिलर का रुका काम
बस स्टैंड के सामने से निकली हाइटेंशन लाइन की लाइन ऊंची न होने के कारण एक पिलर का कार्य भी रुका हुआ है। पीडब्ल्यूडी क्षेत्र में इस पिलर को छोड़कर सभी पिलर खड़े हो चुके हैं। अभी रेलवे क्षेत्र का कार्य भी शुरू नहीं हुआ है।
कराएंगे सुधार
एप्रोच रोड के गड्ढे जल्द ही ठेकेदार से भरवाए जाएंगे। साथ ही सुरक्षा को लेकर भी व्यवस्था कराई जाएगी, जिससे कोई हादसा न हो सके।



