भोपाल | मध्यप्रदेश एमपी में कांग्रेस इन दिनों जबर्दस्त रूप से सक्रिय है और आमजन के मुद्दों पर बीजेपी सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोल रही है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार से लेकर वरिष्ठ नेता कमलनाथ और दिग्विजय सिंह भी बीजेपी नेताओं पर तीखा प्रहार कर रहे हैं।
इसी क्रम में कांग्रेस के दिग्गज, मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के खिलाफ बेहद कड़ी टिप्पणी की। दिग्विजय सिंह की वीडी शर्मा पर टिप्पणी से बवाल मच गया। बीजेपी ने उनकी टिप्पणी को बेहद आपत्तिजनक व निंदनीय बताया है।
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह शनिवार को दोपहर में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंच गए। सुभाष नगर के पद्मनाभ नगर में छतरपुर में हुई घटना को लेकर प्रेस कान्फ्रेंस बुलाई गई थी। यहां दिग्विजय सिंह ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला किया।
छतरपुर की घटना पर बोलते हुए दिग्विजय सिंह ने बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा को नपुंसक बताया। उन्होंने यह भी कहा कि शर्मा के नपुंसक होने पर मुझे खेद है। दिग्विजयसिंह ने कहा- वीडी शर्मा मुझे आतंकियों का समर्थक कहते हैं तो उनकी नपुसंकता पर मुझे निराशा होती है… सरकार होते हुए भी कार्रवाई नहीं करते…
दिग्विजय सिंह ने कहा कि बीजेपी की सरकार आरएसएस के इशारे पर मुसलमानों को टारगेट कर रही है। आरएसएस RSS के इशारे पर छतरपुर में झूठे आरोप लगाकर लोगों के घर ढहा दिए।
बड़वानी में भी एक मुसलमान का घर ढहा दिया। उसपर पत्थर फेंकने के आरोप लगाए जबकि उसके दोनों हाथ ही नहीं हैं। भिंड में हत्या के आरोपियों में हिंदू भी शामिल हैं पर केवल मुसलमानों का घर गिराए।दिग्विजय सिंह ने बीजेपी सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि कलेक्टरों को मुसलमानों के घर गिराने के आदेश दिए गए हैं।
उन्होंने भिंड कलेक्टर का आडियो होने का दावा भी किया जिसमें वो कह रहे हैं कि सरकार का आदेश है कि मुसलमानों के घर गिराओ, हिंदू के नहीं।इधर दिग्विजय सिंह द्वारा वीडी शर्मा को नपुंसक कहे जाने पर बीजेपी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने उनकी टिप्पणी को बेहद आपत्तिजनक व निंदनीय बताया।



