अमर सिंह ठाकुर की रिपोर्ट –
बालाघाट – ” नई दुनिया ” के तत्वावधान में सर्किट हाउस के सभागृह में जनता के मुद्दे पर सांसद श्रीमती भारती पारधी से संवाद स्थापित करने विभिन्न संस्था , संगठन एवं गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया । ” नई दुनिया ” के संपादक उज्जवल शुक्ला ने सांसद भारती पारधी का स्वागत करते हुए बताया कि लोक सभा चुनाव के पूर्व जनता के द्वारा उठाये गये मुद्दों को ” नई दुनिया”के माध्यम से सामने लाने का प्रयास सभी स्थानों पर किया गया है ।बालाघाट की जनता के द्वारा सुझायें गये मुद्दों को सांसद महोदया के समक्ष रखा । जिसमें जनसंख्या नियंत्रण कानून, सी ए ए और सायबर ठगी को केन्द्र स्तर पर बिल लायें जाने पर सहमति देने की बात कही ।
राज्य स्तर के जनता के मुद्दों पर आदिवासी क्षेत्र से रोजगार के लिए होने वाले पलायन , शिक्षा में कमी और स्थानीय उत्पादों की उचित मार्केटिंग का ना होना , एवं स्थानीय स्तर के मुद्दों पर लम्बी दूरी की रेल गाडियों का परिसंचालन , सिवनी बालाघाट सड़क मार्ग का निर्माण, और कोटेश्वर धाम को धार्मिक पर्यटन स्थल घोषित कर विकास करने पर सांसद महोदया की सहभागिता पर जोर दिया । इसी क्रम में सनातन महासभा के अध्यक्ष महेश खजांची ने पर्यावरण पर ध्यान आकर्षित कराया । चेम्बर आफ कामर्स के अध्यक्ष अभय सेठिया ने उद्योग के लिए उपयुक्त स्थान पर बिजली , पानी , परिवहन मार्ग की कमी , महंगी बिजली , सुविधाओं की कमी , एशिया की सबसे बड़ी तांबे की खदान होने पर भी बालाघाट को कोई लाभ या विकास नही होने , 100वर्ष पुराने बस स्टैंड के स्थान पर नवीन बस स्टैंड बनाने , ट्रांसपोर्ट नगर के लिए स्थान का ना होना आदि मुद्दों को सामने रखा ।
शिक्षाविद श्रीमती लता एलकर ने बच्चों की शिक्षा , खेलकूद के मैदानों की कमी , एवं उद्योग नगरी के रुप में बालाघाट की पहचान बनाने पर जोर दिया । इसी क्रम में अभय कोचर ने वायुयान सेवा के लिए बिरसा हवाई पट्टी के सुधार कार्य, सोनेवानी अभ्यारण्य , वन पर्यटन स्थलों को विकसित करने , पैराग्लाइडिंग व हवाई सेवाओं को विकसित करने की बात रखी । सहमत संस्था के महामंत्री अमर सिंह ठाकुर ने बालाघाट के आदिवासी क्षेत्रों से गुमशुदा होने वाली लड़कियों की खबर पर ध्यानाकर्षण कराया । जिस पर सांसद श्रीमती भारती पारधी ने विस्तार से केन्द्र स्तर, राज्य स्तर तथा स्थानीय स्तर की जनता के हर मुद्दे पर मुखर होकर जवाब दिया ।उन्होने आश्वस्त कराया कि वे लगातार संसद में इन मुद्दों को सामने रखा है कुछ मुद्दे लिखित में सम्बधितों को सौंपे गये है । सिवनी बालाघाट मार्ग के लिए माननीय नितीन गडकरी जी , रेल मंत्री , उद्योग मंत्री , एवं मुख्य मंत्री , शिक्षा मंत्री , गृहमंत्री आदि से भेंट कर जनता के मुद्दों को क्रमबद्धता के साथ हल करने का आश्वासन प्राप्त किया है ।



