नागेश साहू की रिपोर्ट :-
मुंगेली| मुंगेली जिले में समग्र शिक्षा के सहायक कार्यक्रम समन्वयक (मूल पद शिक्षक एलबी) संजय साहू को कलेक्टर राहुल देव के निर्देश पर निलंबित कर दिया गया है। संजय साहू के खिलाफ उच्च कार्यालय के आदेशों और निर्देशों की अवहेलना, कार्य के प्रति लापरवाही और वित्तीय अनियमितता की शिकायतें मिली थी।उक्त शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर के द्वारा जांच के निर्देश दिए गए थे। जांच में तथ्य सही पाए जाने पर कलेक्टर के अनुमोदन पर शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक ने निलंबन आदेश जारी किया है। निलंबन अवधि में संजय साहू को विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पथरिया संलग्न किया गया है। उक्त अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
आदेशों की अवहेलना पर जारी हुआ था
गौरतलब है कि पूर्व में संजय साहू को जेईई और नेट कोचिंग संचालन में अव्यवस्था, समग्र शिक्षा से संबंधित दायित्व में लापरवाही, निर्देशानुसार शाला में उपस्थित न देने तथा उच्च कार्यालयीन आदेशों की अवहेलना पर नोटिस जारी किया गया था।
उक्त कृत्य को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम के विपरीत होने के कारण गंभीर कदाचरण की श्रेणी मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा वर्गीकरण नियंत्रण अपील नियम के अंतर्गत निलंबन की कार्रवाई की गई है। संजय साहू के खिलाफ वित्तीय अनियमितता और राशि गबन के प्रकरण में जांच चल रही है। इसकी पुष्टि होने पर उनके खिलाफ एफआईआर भी किया जाएगा।



