नागेश साहू की रिपोर्ट :-
मुंगेली–मुंगेली जिले में लापरवाही और अनियमितता बरतने पर लोरमी में पदस्थ विद्युत विभाग के सब इंजीनियर खगेश कुमार नेताम की आगामी 2 साल की वार्षिक वेतन वृद्धि रोकने की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई कलेक्टर राहुल देव के निर्देश पर की गई है।
बता दें कि खगेश नेताम को छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड अंतर्गत मुंगेली में कार्य के दौरान लापरवाही और अनियमितता के कारण शोकाज नोटिस जारी किया गया था। नेताम के द्वारा लोरमी के ग्राम गोरखपुर में ट्रांसफर खराब होने की सूचना उच्च कार्यालय में नहीं दी गई, जिसके कारण से लंबे समय तक गांव में विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
स्कूली बच्चों ने कलेक्टर से की थी शिकायत
इस दौरान गांव के स्कूली बच्चों ने इसकी शिकायत कलेक्टर से की थी। कलेक्टर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल करने और जांच के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। उस निर्देश के परिपालन में जांच कर यह कार्रवाई की गई।



