बीना मध्यप्रदेश| नानक वार्ड स्थित नेमीगिरी मेमोरियल प्राइवेट स्कूल में कई अनियमितताएं है, जिसकी शिकायत पिछले दिनों की गई थी। इसके बाद शुक्रवार को स्कूल की जांच करने के लिए टीम पहुंची, जहां पर शिकायत के सभी बिन्दुओं पर जांच की गई। इतना ही नहीं स्कूल जर्जर भवन में संचालित होने की बात भी सामने आई। नपा ने इसके लिए करीब ढाई माह पहले भवन खाली करने के लिए नोटिस भी दिया था, लेकिन स्कूल को खाली नहीं कराया गया है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों नानक वार्ड में स्थित नेमीगिरी मेमोरियल स्कूल में अनियमितताओं को लेकर एसडीएम से शिकायत की गई थी, इसमें स्कूल भवन जर्जर होने, अप्रशिक्षित शिक्षकों से पढ़ाई कराने सहित अन्य बिन्दुओं को लेकर शिकायत की गई थी। इस संबंध में 12 अगस्त को नगर पालिका ने स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर चौबीस घंटे में स्कूल भवन खाली कर गिराने का आदेश दिया था। इस भवन का सर्वे नगर पालिका के वार्ड प्रभारी ने किया था, जिसमें स्कूल भवन अति जीर्णशीर्ण अवस्था में पाया गया था।
जांच में यह बात भी सामने आई है कि स्कूल में कुल ११ शिक्षक पदस्थ हैं, जिनमें से केवल तीन शिक्षक ही प्रशिक्षित हैं, बाकी सभी अप्रशिक्षित शिक्षक स्कूल में पढ़ा रहे हैं। स्कूल प्रबंधन की ओर से इन शिक्षकों को वेतन भी ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से नहीं दिया जाता है, सभी शिक्षकों को नकद भुगतान किया जाता है। इसके अलावा स्कूल के विद्यार्थियों की डे्रस व किताबों को सभी दुकानों पर रखकर बेचने के आदेश थे, जिसका पालन भी नहीं कराया गया है।
स्कूल में होती है मनमानी
नानक वार्ड पार्षद बीडी रजक ने बताया कि स्कूल का संचालन क्षतिग्रस्त भवन में किया जा रहा है, जिससे किसी भी समय बड़ी घटना हो सकती है। स्कूल में आरटीइ के नियमों का भी पालन नहीं हो रहा है। बच्चों को पढ़ाने वाले शिक्षक योग्यता नहीं रखते हैं। इन्हीं सभी अनियमितताओं की शिकायत एसडीएम से की थी।
जांच के लिए भेजी टीम
बीआरसीसी महेंद्र जाट ने बताया कि स्कूल के खिलाफ लोगों ने वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत की थी। इसके बाद सहायक संचालक विकासखंड शिक्षा अधिकारी के आदेश के बाद शुक्रवार को टीम को स्कूल भेजकर जांच कराई है।
नोटिस किया था जारी
सीएमओ रामप्रकाश जगनेरिया ने बताया कि नोटिस की जानकारी लेकर टीम को जांच के लिए भेजा था, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।



