अमित दुबे की रिपोर्ट :-
बिलासपुर:-बिलासपुर के बिल्हा थाने मेे पदस्थ हेड कांस्टेबल अनिल साहू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें शराब के अवैध परिवहन के बाद पकड़े गए आरोपी से मोलभाव हो रहा है। प्रधान आरक्षक इस केस में दस्तावेज पूरी करने के लिए रुपए की मांग करता दिख रहा है। साथ ही इस मामले में जब्त वाहन को राजसात न करने के एवज में भी 50 हजार रुपए की डिमांड कर रहा है। मामले में एसपी ने हेड कांस्टेबल को लाइन अटैच कर मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
वायरल वीडियो में बिल्हा थाने का हेड कांस्टेबल अनिल साहू अवैध शराब परिवहन करने वाले आरोपी से उसके पक्ष में दस्तावेज बनाने के एवज में 5 से 10 हजार रुपए देने की बात कर रहा है। साथ ही शराब के साथ जब्त बाइक को राजसात न करने के एवज में 50 हजार रुपए की मांग कर रहा है।
वह यह भी कह रहा है कि उसने पहले पैसे देने के लिए सहमति जताई, फिर नहीं दिया। अब तो बिना पैसे लिए काम नहीं होगा। इस बीच चोरी छिपे वीडियो बनाने वाला व्यक्ति उससे मोलभाव करते हुए सुनाई दे रहा है। कह रहा है कि कुछ कम में बात नहीं बनेगी, इस पर आरक्षक नियमों का हवाला देते हुए कह रहा है कि जो राशि वह देगा, उसका 70 प्रतिशत ड्राफ्ट के रूप में न्यायालय में जमा करना पड़ेगा।
जांच के निर्देश:–
वहीं वीडियो वायरल होने पर फिलहाल आरक्षक को पुलिस अधीक्षक ने लाइन अटैच कर दिया है। इसके साथ ही मामले की गंभीरता से जांच के निर्देश दिए हैं।
इससे पहले महिला सब इंस्पेक्टर का वीडियो हुआ था वायरल:–
बिल्हा थाने के प्रधान आरक्षक का 5 हजार रुपए रिश्वत मांगने का वीडियो वायरल होने के अलावा इससे पहले सिविल लाईन थाने में पदस्थ महिला सब इंस्पेक्टर का 5 हजार रुपए रिश्वत मांगने का वीडियो भी वायरल हुआ था। जिस पर महिला सब इंस्पेक्टर को लाईन अटैच किया गया था।



