गुरमीत सिंह मेहरा की रिपोर्ट :-
बुलंद TIMES – डौंडी: ब्लॉक के सबसे बड़े नगर लौह नगरी दल्ली राजहरा के कुम्हार पसरा में स्थित शिवनाथ टाइल्स के संचालक संदीप अग्रवाल की बेटी मौली अग्रवाल ने पहली बार बालोद जिले में संपन्न हुई नीट की परीक्षा में पेपर बदले जाने और परीक्षार्थियों को अतिरिक्त समय नहीं दिए जाने जैसी बड़ी गड़बड़ी होने के बावजूद 720 अंको में 683 अंक लाकर अपने परिवार और नगर को गौरवान्वित करने का कार्य किया।
परीक्षा में गड़बड़ी के बाद भी नही डिगे मौली के हौंसले…..
बता दें कि 5 मई को बालोद जिला मुख्यालय में पहली बार नीट की परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के दिन प्रश्न पत्रों का पहला सेट परीक्षार्थियों को बांटा गया। प्रश्न पत्र का यह सेट सही नहीं था। परीक्षा के दौरान केंद्राध्यक्ष सहित अधिकारियों को जब अपनी गलती का एहसास हुआ कि छात्रों को गलत प्रश्न पत्र वितरित कर दिया गया है। तब 55 मिनट बाद केनरा बैंक बालोद से मिले प्रश्न पत्रों का एक और सेट मंगाकर फिर से बांटा गया। प्रश्न पत्र के दूसरे सेट में ओएमआर शीट का एक अलग सेट जुड़ा हुआ था। जिसे उम्मीदवारों को दोबारा भरना था। जिसमें उम्मीदवारों का समय खराब हुआ था और उनमे से एक मौली अग्रवाल भी थी, किंतु डॉक्टर बनने का सपना संजोए पिछले तीन सालों से मेहनत करने वाली मौली ने हार नहीं मानी और पूरी तन्मयता से अल्प समय में ही अपनी परीक्षा दी और 720 में से 683 अंक प्राप्त किए।
मौली ने हमारे प्रतिनिधि को बताया कि डॉक्टर बनने का सपना उसका बचपन से था, दसवीं की पढ़ाई डीएवी राजहरा स्कूल से करने के पश्चात परिवार से दूर रहकर कोटा में दो साल कोचिंग की और वर्तमान में बालोद में हुई परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा के समय जो गड़बड़ी हुई उसके कारण ही मेरे मार्क्स उम्मीद से कम आए है, यदि समय खराब नही होता और प्रश्न पत्र बदला नही गया होता तो अंक सात सौ से ऊपर आते। भविष्य में एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त करने के बाद राजहरा में उच्च स्तर की चिकित्सा सुविधा नहीं होने के कारण यहीं एक अस्पताल खोलकर अपनी जन्मभूमि की सेवा करूंगी। इस उपलब्धि का पूरा श्रेय मौली ने अपनी माता अनुराधा अग्रवाल, पिता संदीप और छोटे भाई मानस सहित पूरे परिवार को दिया।
वहीं इस उपलब्धि के लिए जहां परिवार से फतेहचंद जैन, राजेश अग्रवाल, पन्नालाल अग्रवाल, प्रवीण जैन, प्रमोद जैन, अजय अग्रवाल, पुष्पा देवी, रीतारानी, राजरानी, हर्षा, नेहा, पायल सहित पूरे अग्रवाल समाज, जैन समाज और राजहरा के गणमान्य जनों के द्वारा मौली और पूरे परिवार को बधाई और शुभकामनाएं दी।



