अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर (बिलासपुर)। नगर पंचायत रतनपुर में करोड़ों रुपये की लागत से स्थापित जल एटीएम योजना पूरी तरह फेल होती नजर आ रही है। नगर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों – शासकीय हाई स्कूल परिसर और नया बस स्टैंड में लगे जल एटीएम लंबे समय से बंद पड़े हैं, जिससे आम नागरिकों, छात्र-छात्राओं और यात्रियों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सरकार की ‘स्वच्छ पेयजल’ योजना के तहत नगर में कई जल एटीएम लगाए गए थे, जिनका उद्देश्य हर वर्ग तक साफ और ठंडा पानी पहुंचाना था। लेकिन देखरेख और नियमित मेंटेनेंस के अभाव में ये एटीएम अब शो-पीस बनकर रह गए हैं।
हाई स्कूल के छात्र हुए परेशान
स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों का कहना है कि पानी की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, लेकिन जल एटीएम महीनों से बंद है। इससे उन्हें खुद पानी लाना पड़ता है या फिर दुकानों से बोतल खरीदनी पड़ती है, जो सभी के लिए संभव नहीं है।
यात्रियों के लिए बस स्टैंड बना जलविहीन
नए बस स्टैंड में लगा जल एटीएम भी बंद पड़ा है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है। दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को ना तो पीने का पानी मिल पा रहा है, ना ही कहीं बैठने की उचित व्यवस्था है।
स्थानीय नागरिकों में आक्रोश
स्थानीय लोगों का कहना है कि जनता के पैसों से बनाई गई यह व्यवस्था अगर समय पर ठीक नहीं की गई, तो यह सिर्फ सरकारी धन की बर्बादी बनकर रह जाएगी। लोगों ने नगर पंचायत से मांग की है कि जल्द से जल्द जल एटीएम की मरम्मत कर पुनः चालू किया जाए।
प्रशासन से अपेक्षा
नगर पंचायत प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि वह इन बंद पड़े जल एटीएम की मरम्मत कर उन्हें पुनः सुचारु रूप से चालू कराए और जल एटीएम के सामने अवैध कब्जा कर ठेला रख कर जल एटीएम को पूर्ण रूप से घेर लिया गया है को नगर प्रशासन द्वारा हटवाया जाए ताकि जनता को राहत और पूर्ण सुविधा मिल सके।



