सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर | आज दिनांक 29 अगस्त 2025 को अनिश्चितकालीन हड़ताल के क्रम में संविदा कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर एक अनोखा प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने जनता के बीच जाकर प्रधानमंत्री की दी गई “मोदी की गारंटी” के गुम हो जाने की जानकारी दी तथा उसे ढूंढने का अभियान चलाया।
संविदा कर्मियों ने बाजार, दुकानों, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर लोगों से अपील की कि अगर कहीं “मोदी की गारंटी” मिले तो उन्हें अवगत कराएं। इस दौरान कर्मचारियों ने बताया कि समान कार्य के बावजूद उन्हें समान वेतन नहीं मिल रहा है और स्थायीकरण की गारंटी आज भी अधूरी है।
इसके साथ ही कर्मचारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जब किसी संविदा कर्मचारी की मृत्यु हो जाती है, तो उसके परिवार के किसी सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति का लाभ नहीं मिलता। इसके अतिरिक्त, किसी प्रकार का बीमा कवरेज न होने के कारण परिवार को गंभीर आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इस स्थिति में संविदा कर्मियों का भविष्य और भी असुरक्षित बना हुआ है।
जनता से सीधा संवाद स्थापित करते हुए कर्मचारियों ने बताया कि सरकार की ओर से दी गई गारंटी केवल भाषणों में सिमट गई है, जबकि संविदा कर्मियों का भविष्य अब भी अंधकारमय है।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक स्थायीकरण, समान वेतन, अनुकंपा नियुक्ति और बीमा जैसी मूलभूत मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक हड़ताल और आंदोलन जारी रहेगा।



