सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, नारायणपुर द्वारा जिला कलेक्टर एवं दंडाधिकारी सु प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशन तथा जिला रेडक्रॉस नोडल अधिकारी नरेंद्र मेश्र्राम के नेतृत्व में आयोजित सात दिवसीय सीपीआर (13 अक्टूबर से 18 अक्टूबर ) प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।
यह सात दिवसीय प्रशिक्षण जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित किया गया, जिनमें आत्मानंद कॉलेज, रामेठिन गर्ल्स कॉलेज, शासकीय बुनियादी विद्यालय (कन्या एवं बालक) गरांजी, केंद्रीय विद्यालय गरांजी, कन्या विद्यालय बंग्लापारा तथा शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (हाई स्कूल ग्राउंड), नारायणपुर शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रमाणित बीएलएस एवं फर्स्ट एड ले लेक्चरर्स एवं चिकित्सा अधिकारी — डॉ. हिमांशु सिन्हा (जिला अस्पताल नारायणपुर) तथा डॉ. सामर्थ पारख (सीएचसी छोटेडोंगर) ने सीएमएचओ नारायणपुर एवं सिविल सर्जन, जिला अस्पताल नारायणपुर के मार्गदर्शन में सभी सत्रों का संचालन किया।
प्रशिक्षण सत्रों में छात्रों को हृदय गति रुकने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया (सीपीआर), प्राथमिक उपचार तकनीक एवं जीवन रक्षक कौशल की जानकारी दी गई। छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए डमी मॉडल पर प्रायोगिक अभ्यास किया और विशेषज्ञों से प्रश्न पूछकर अपनी समझ को और मजबूत किया।
सभी संस्थानों के प्राचार्यों, शिक्षकों एवं फैकल्टी सदस्यों ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी और जागरूकता बढ़ाने वाला बताया। उन्होंने रेडक्रॉस सोसायटी, नारायणपुर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल युवाओं में आपातकालीन जीवन रक्षक कौशल एवं मानवता की भावना को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।



