अमित दुबे की रिपोर्ट;-
रतनपुर। दीपावली पर्व नजदीक आते ही पूरे क्षेत्र में रौनक बढ़ गई है। इसी कड़ी में रतनपुर धान मंडी परिसर में इन दिनों पटाखों की दुकानें सज गई हैं। बाजार में रंग-बिरंगी आतिशबाजियों की चमक और बच्चों की खुशी से पूरा माहौल उत्साहपूर्ण बना हुआ है।
मंडी परिसर में विभिन्न पटाखा विक्रेताओं ने अपनी-अपनी दुकानें सजाई हैं, जहां सुतली बम, अनार, फुलझड़ी, चकरी, रॉकेट, रंग-बिरंगी आतिशबाजियां और बच्चों के पसंदीदा पटाखों की भरमार है। दुकानों में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है। लोग अपनी पसंद के पटाखे खरीदते नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि इस वर्ष नए डिजाइन और कम धुएं वाले पर्यावरण अनुकूल पटाखे भी उपलब्ध हैं, जिनकी मांग अधिक देखी जा रही है।

विक्रेताओं का कहना है कि इस बार बिक्री में पिछले साल की तुलना में बढ़ोतरी की उम्मीद है।
स्थानीय व्यापारी आदर्श गुप्ता ने बताया कि दीपावली जैसे त्योहार पर लोग अपने बच्चों की खुशियों के लिए पटाखे जरूर खरीदते हैं, जिससे बाजार में हर साल रौनक देखने को मिलती है।
रतनपुर प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा भी पटाखा दुकानों पर सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। मंडी परिसर में फायर ब्रिगेड की अस्थायी व्यवस्था भी की गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। अधिकारियों ने दुकानदारों को आगजनी से बचाव के लिए रेत के बोरे और पानी की बाल्टियाँ रखने के निर्देश दिए हैं।

बच्चे, महिलाएं और युवा सभी पटाखों की खरीददारी का आनंद लेते दिख रहे हैं। दीपावली पर्व की तैयारियों के बीच रतनपुर धान मंडी का यह पटाखा बाजार लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
– रतनपुर धान मंडी में दीपावली की रौनक, हर ओर खुशी और उत्साह का माहौल



