रिपोर्ट – योगेश्वर साहू
न्यूज़ | जिला पंचायत की 30 अक्टूबर को आयोजित बैठक में जिला पंचायत सदस्य इंद्रजीत महाडिक ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से जवाब मांगा। शिक्षा, लोक निर्माण, पीएमजीएसवाई, वन विभाग , खाद्य एवं बिजली विभाग से जुड़े मुद्दों पर उन्होंने ग्रामीणों की परेशानियों को सामने रखते हुए समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की। महाडिक ने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ जनता तक पहुंचना चाहिए। केवल कागजों में विकास दिखाने के बजाय धरातल पर काम होना जरूरी है।
स्कूलों में शिक्षकों की कमी, शिक्षा व्यवस्था पर सवाल
शिक्षा विभाग से संबंधित चर्चा के दौरान स्कूलों में शिक्षकों की कमी, विद्यार्थियों की पढ़ाई और अतिरिक्त कक्षों की आवश्यकता का मुद्दा उठाया गया। बरोण्डा सहित विभिन्न विद्यालयों में शैक्षणिक सुविधाओं की स्थिति पर सवाल करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखकर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। लोहरसी प्राथमिक विद्यालय की व्यवस्था में सुधार तथा शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया
सड़कों के निर्माण और गुणवत्ता की हो जांच
लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत विभिन्न सड़कों के निर्माण, चौड़ीकरण और मरम्मत कार्यों को लेकर सवाल उठाए गए। बरोण्डा से श्यामनगर-धरसा सड़क का पक्कीकरण, भेंडरी से कोपरा मार्ग का चौड़ीकरण तथा क्षेत्र के अन्य मार्गों की स्थिति पर चर्चा की गई। सड़क निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखने और कार्यों को निर्धारित समय पर पूरा करने की मांग की.
पीएमजीएसवाई के अंतर्गत रवेली पुल में सड़क निर्माण एवं निरीक्षण की स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए गए। महाडिक ने कहा कि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी आवश्यक है।
वन विभाग से मांगा कार्यों का हिसाब
वन विभाग से एनएच में वृक्षारोपण कार्य की संपूर्ण जानकारी मांगी गई। मुआवजा भुगतान एवं वृक्षों की कटाई से संबंधित जानकारी भी बैठक में उठाई गई। वन विभाग द्वारा किए गए कार्यों, खर्च की गई राशि और उसके परिणामों की पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
ग्राम जामगांव में पीडीएस भवन के उद्घाटन और जनप्रतिनिधियों को जानकारी नहीं दिए जाने का मामला उठाते हुए विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल किया गया। सरकारी कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता और पारदर्शिता बनाए रखने की मांग की गई।
बिजली समस्या से जूझ रहे ग्रामीण, समाधान की मांग
विद्युत विभाग से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की परेशानी, बंद पड़े सोलर सिस्टम और विद्युत लाइन विस्तार के लंबित कार्यों को लेकर अधिकारियों से जवाब मांगा गया। वर्षों से अधूरे पड़े कार्यों को पूरा करने तथा ग्रामीणों को नियमित बिजली सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई।
जनहित के मुद्दों पर जवाबदेही जरूरी : महाडिक
इंद्रजीत महाडिक ने कहा कि जिला पंचायत की बैठक का उद्देश्य केवल औपचारिक चर्चा नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान करना है। जनता को सड़क, बिजली, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़े, यह स्वीकार्य नहीं है। संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए समयबद्ध कार्य करना चाहिए। उन्होंने जनहित के मुद्दों पर लगातार आवाज उठाने और विकास कार्यों की निगरानी जारी रखने की बात कही।





