जशपुर/बगीचा : थाना बगीचा क्षेत्र के ग्राम भट्ठी कोना में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए मारपीट के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना रविवार सुबह लगभग 10 बजे की है, जब पुराने भूमि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
रिपोर्ट के अनुसार, प्रार्थी सज्जन राम नगेसिया (58 वर्ष) अपने परिवार के साथ ग्राम भट्ठी कोना स्थित शासकीय भूमि खसरा नंबर 221/3 में घेरा लगाने और हल चलाने गया था। इसी दौरान विवादित भूमि खसरा नंबर 221/1 को लेकर दूसरा पक्ष, देवनन्दन यादव अपने परिवार के साथ वहां पहुंचा और लगाए गए खंभों को उखाड़ने लगा। उनके पास लाठी-डंडे, पत्थर और कुल्हाड़ी होने की बात भी सामने आई है।
इसी क्रम में आरोपियों ने प्रार्थी पक्ष पर हमला कर दिया। आरोप है कि राजेश यादव, जो अपने पास कुल्हाड़ी रखे था, उसने प्रार्थी के बेटे के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। हमले में प्रार्थी, उसकी बेटी और अन्य परिवारजन भी घायल हुए।
घटना की सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम बगीचा और एसडीओपी बगीचा तत्काल मौके पर पहुंचे और उत्पन्न तनाव को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने घायलों को शासकीय अस्पताल बगीचा पहुंचाकर उपचार कराया।
थाना बगीचा पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 351(2), 115(2), 109 व 191(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। शीघ्र कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पक्ष के चार लोगों—
- देवनन्दन यादव (68 वर्ष)
- केशव प्रसाद यादव (66 वर्ष)
- राजेश यादव (36 वर्ष)
- रामस्नेही यादव (36 वर्ष)
सभी निवासी ग्राम झापी दरहा, थाना बगीचा—को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी भी जब्त की है।
पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया और पर्याप्त सबूत मिलने पर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक गौरव कुमार पांडे, एएसआई नरेंद्र मिंज, आरक्षक मुकेश पांडे, शैलेन्द्र तोमर और अमित कुजूर की अहम भूमिका रही।एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि जमीन विवाद में प्राणघातक हमला करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



