अमित दुबे की रिपोर्ट
बिलासपुर। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन एवं थाना प्रभारी हिर्री दामोदर मिश्रा के नेतृत्व में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हिर्री पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 11 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित कच्ची महुआ शराब जब्त की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मेड़पार बाजार निवासी गुहाराम निषाद (34 वर्ष) अपने घर के पास भारी मात्रा में अवैध रूप से हाथ भट्ठी की बनी महुआ शराब रखे हुए है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से एक पीले रंग के प्लास्टिक डिब्बे में रखी 11 लीटर देशी महुआ हाथ भट्ठी की शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 2,200 रुपये बताई गई है, बरामद कर जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी गुहाराम निषाद, पिता स्वर्गीय कुंवर सिंह निषाद, निवासी मेड़पार बाजार, थाना हिर्री, जिला बिलासपुर के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया तथा न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।



