सुरेश सोनी की रिपोर्ट ;-
नारायणपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर नारायणपुर पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष आयोजन किया गया। गुजरात के एकता नगर में आयोजित भव्य ‘एकता परेड-2026’ का सीधा प्रसारण जिले के कुल 62 स्थानों पर कराया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, जवानों और पुलिस परिवार के सदस्यों ने सामूहिक रूप से कार्यक्रम का अवलोकन किया।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक नारायणपुर संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में यह व्यवस्था की गई। इसके तहत जिले के सभी 14 थाना परिसरों एवं 48 पुलिस कैंपों में 31 अक्टूबर 2026 को एकता परेड के सजीव प्रसारण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। दूरस्थ एवं अंदरूनी क्षेत्रों में तैनात पुलिस जवानों ने भी उत्साहपूर्वक इस आयोजन में सहभागिता की।
एकता नगर में आयोजित इस भव्य परेड में देश के विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) ने अनुशासित मार्च पास्ट, साहसिक प्रदर्शन और विशेष कौशल का प्रदर्शन किया। वहीं विभिन्न राज्यों की लोक-संस्कृति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को जीवंत किया। जवानों के शौर्य, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की झलक ने आयोजन को विशेष बनाया।
इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण, देशी रियासतों के एकीकरण तथा भारत की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया गया। उनके दृढ़ नेतृत्व और दूरदर्शिता से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान नारायणपुर पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का निष्ठा, समर्पण एवं जिम्मेदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
नारायणपुर पुलिस की इस पहल के माध्यम से जिले के दूरस्थ पुलिस कैंपों में तैनात जवानों को भी राष्ट्रीय गौरव के इस आयोजन से जुड़ने का अवसर मिला। साथ ही पुलिस बल में अनुशासन, आपसी समन्वय, एकजुटता और राष्ट्रसेवा की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।
नारायणपुर पुलिस ने दोहराया कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देश की आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस बल सदैव प्रतिबद्ध रहेगा।




