रोहित गुमास की रिपोर्ट-
बीजापुर। जिले के उसूर विकासखंड अंतर्गत ग्राम आवापल्ली स्थित मिनी स्टेडियम में दो दिवसीय पंचायत स्तरीय बस्तर ओलंपिक का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य श्री शंकरैया मड़वी जी एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष सुश्री पूर्णिमा तेलम जी के द्वारा किया गया।
इस पंचायत स्तरीय बस्तर ओलंपिक में आवापल्ली, चिंताकोंटा, मुर्दोंडा, चेरामंगी, चेरकडोडी, मुर्किनार एवं पुषगुड़ी सहित सात ग्राम पंचायतों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।


इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री शंकरैया मड़वी जी ने कहा कि बस्तर ओलंपिक ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों की खेल प्रतिभाओं को आगे लाने का एक बेहतर मंच है। इसके माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने, खेल के प्रति रुचि बढ़ाने तथा जिला एवं राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल रहा है।
वहीं जनपद पंचायत अध्यक्ष सुश्री पूर्णिमा तेलम जी ने कहा कि खेल हमारे जीवन में अनुशासन, एकता, आत्मविश्वास और आपसी भाईचारे की भावना विकसित करते हैं। बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन ग्रामीण युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर सातों ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, शिक्षकगण, बीआरसी महोदय, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




